फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lucknow: सरकारी गिट्टी पर फिसली बाइक, ट्रक के पहिए के नीचे आया बुजुर्ग, दर्दनाक मौत

Tue, 27 Jun 2023 03:17 PM IST
ishwar ashish माई सिटी रिपोर्टर, अमर उजाला, लखनऊ

सार

लखनऊ के खुर्रमनगर चौराहे के पास हुए हादसे में गोमतीनगर स्थित लाउंज बार में मैनेजर नवीन जायसवाल की सड़क पर बाइक फिसलने से मौत हो गई। वो ट्रक के पिछले पहिए के नीचे आ गए। 
विज्ञापन
खुर्रमनगर जाने वाले सड़क पर बिखरी पड़ी गिट्टी व मृतक नवीन जायसवाल। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

खुर्रमनगर चौराहे के पास रविवार देर रात ट्रक को ओवरेटक करते वक्त सड़क पर बिखरी सरकारी गिट्टी पर बाइक फिसलने से नवीन जायसवाल (63) ट्रक के पिछले पहिये के नीचे आ गए। बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर चालक को गिरफ्तार कर लिया। ट्रक को भी कब्जे में ले लिया है। मृतक हेलमेट लगाए हुए थे।

विज्ञापन


इंस्पेक्टर छत्रपाल सिंह ने बताया कि नवीन जायसवाल गोमतीनगर स्थित लाउंज बार में मैनेजर थे। रोजाना की तरह वह रात करीब एक बजे ड्यूटी से घर लौट रहे थे। खुर्रमनगर चौराहे पर आगे चल रहे ट्रक को उन्होंने ओवरेटक करने का प्रयास किया। दूसरी तरफ एक खराब ट्रक खड़ा था। बाइक दोनों ट्रकों के बीच में आ गई और बिखरी गिट्टी पर फिसल गई। नवीन सड़क पर गिरे और ट्रक के पिछले पहिए के नीचे आ गए। ट्रक उनको कुचलता हुआ निकल गया। हादसा देख राहगीरों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया। पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपा।

दो बच्चों के सिर से मां के बाद पिता का भी उठा साया
नवीन की पत्नी बबिता का 15 साल पहले बीमारी से निधन हो चुका है। नवीन बेटे तुषार व बेटी मानवी के साथ रहते थे। उनके वेतन से ही परिवार का खर्च चलता था। पीडब्ल्यूडी एनएच डिवीजन अपनी गिट्टी होने से करता रहा इनकार
विज्ञापन


खुर्रमनगर चौराहे पर ओवरब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा है। इससे निर्माण सामग्री काफी मात्रा में पड़ी रहती है। गिट्टी भी वहीं की थी। हालांकि विभाग पीडब्ल्यूडी एनएच डिवीजन इससे इनकार कर रहा है। गिट्टी किसकी है यह पता लगाने के लिए अमर उजाला टीम सोमवार रात फिर मौके पर पहुंची। सामने आया कि निर्माण कार्य के लिए जो तैयार मैटेरियल प्लांट से आ रहा है, वह बिखरता रहता है। सूखकर उसी की गिट्टी जानलेवा हो रही है। बिखरी पड़ी गिट्टी को जिम्मेदारों ने नहीं हटाया। जल्दबाजी व जिम्मेदारों की लापरवाही ने जान ले ली।

अन्य वाहन से गिरी होगी गिट्टी...हटवा रहे हैं
पीडब्ल्यूडी एनएच डिवीजन के अधिशासी अभियंता रजनीश गुप्ता का कहना है कि फ्लाईओवर की साइट पर गिट्टी का अलग से कोई काम नहीं है। यहां कास्टिंग के लिए आरएमसी प्लांट से तैयार मैटेरियल आता है। इसका उपयोग सीधे स्ट्रक्चर बनाने में उपयोग हो जाता है। यह गिट्टी किसी निर्माण साइट पर जाने वाले ट्रक या अन्य वाहन से गिरी है। गिट्टी को सड़क से हटवा रहे हैं, जिससे कोई और हादसा नहीं हो। ठेकेदार को भी साइट को पूरी तरह सुरक्षित बनाने के लिए कहा गया है।

पहले भी हुआ हादसा: शहीदपथ पर फैली गिट्टी से गई थी शिक्षक की जान
शहीदपथ पर फैली गिट्टी से हुए हादसे में प्राथमिक विद्यालय की टीचर गोमतीनगर विस्तार के सेक्टर- 6 निवासी सीमा वर्मा (58) की जान चली गई थी। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के दौरान शहीदपथ पर भारी वाहन प्रतिबंधित होने के बावजूद चालक ने गिट्टी से भरा ट्रक दौड़ाया था। ट्रक से गिट्टी गिरकर सड़क पर बिखर गई थी। इस दौरान सीमा के पति उन्हें स्कूटी से विद्यालय छोड़ने जा रहे थे। सड़क पर बिखरी गिट्टी पर जाकर स्कूटी का संतुलन बिगड़ने से सीमा गिर गई थीं और पीछे से आ रही कार ने उन्हें रौंद दिया था।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें