गोंडा जिले के कटरा बाजार थाना क्षेत्र के बमडेरा गांव के पास ट्रेन रुकने पर एक युवक ट्रेन से उतरा और सामने खेत में कटी रखी गेहूं की फसल में आग लगा दी, लेकिन हवा तेज होने के कारण वह भाग नहीं सका और खुद की लगाई आग में जलकर भस्म हो गया।
तहसील करनैलगंज के गोंडा-लखनऊ रेल मार्ग पर बमडेरा गांव के पास पुल निर्माण का कार्य चल रहा है। दोपहर बाद लखनऊ की ओर से असम जा रही अवध असम एक्सप्रेस वहीं रुक गई। काशन के कारण रुकी ट्रेन से एक युवक उतरा और बगल के खेत में कटी लगी गेहूं की फसल में आग लगा दी।
हवा तेज होने के कारण आग की लपटें तेज हो गईं जिससे युवक भाग नहीं सका और खुद की लगाई आग में जिंदा जल गया। आसपास के लोगों ने आग पर जब तक काबू पाया तब तक युवक की मौत हो चुकी थी।
युवक की जेब से मात्र रेलवे का एक टिकट मिला जो असम तक था। उसकी पहचान नहीं हो सकी। जीआरपी ने मौके पर पहुंच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं, पुलिस का कहना है कि युवक विक्षिप्त लग रहा था। उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है।