लखनऊ के विभूतिखंड थाना क्षेत्र में हाई कोर्ट के सामने फ्लाईओवर पर रविवार देर रात 10 बजे बेकाबू कार ने बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं उसके साथी की मौत हो गई। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया।
प्रभारी निरीक्षक विभूतिखंड श्याम बाबू शुक्ला के मुताबिक, महानगर थाना क्षेत्र के न्यू हैदराबाद पयागपुर निवासी अशोक श्रीवास्तव पेशे से अधिवक्ता हैं। रविवार रात 10 बजे के करीब चिनहट की तरफ से अपने एक साथी के साथ पॉलिटेक्निक की तरफ जा रहे थे।
हाईकोर्ट के ठीक सामने पीछे से आ रही लग्जरी कार ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार अधिवक्ता के साथी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अधिवक्ता अशोक श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायल अधिवक्ता को राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया है।
प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। अधिवक्ता के होश में आने के बाद ही उसकी शिनाख्त हो पाएगी। वहीं विकास नगर सेक्टर-4 निवासी कार चालक शुभांशु अग्रवाल और इस्माईलगंज इंदिरा नगर निवासी शहाबुद्दीन को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। दोनों एक निजी कंपनी में काम करते हैं।