आपस में विवाद हो जाने पर नाराज पत्नी जब मायके चली गई तो पति से उसकी जुदाई बर्दाश्त नहीं हुई। उसने फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। शिवगढ़ थाने के बोखारेपुर गांव में इस घटना से ग्रामीण हतप्रभ हैं। बोखारेपुर निवासी अनिल कुमार वनवासी (27) पुत्र उदयराज वनवासी पत्नी मान्या के साथ रहता था। उनके कोई बच्चे नहीं है।
शुक्रवार को को पति-पत्नी के बीच कुछ विवाद हो गया। इससे नाराज होकर मान्या अपने मायके चली गई। पत्नी के चले जाने से अनिल कुमार मानसिक रूप से परेशान हो गया। उसने मजदूरी पर जाना भी बंद कर दिया और घर के बाहर निकलना भी कम कर दिया।
शनिवार देर शाम तक वह कमरे से नहीं निकला तो आसपास के लोगों ने खिड़की से देखा तो दंग रह गए। कमरे में पंखे के सहारे अनिल का शव लटक रहा था। ग्रामीणों की सूचना पर आई पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शिवगढ थाने के प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि परिजनों का कहना है कि पत्नी के मायके चले जाने से अनिल मानसिक रूप से काफी परेशान था और दो दिनों से काम पर भी नहीं जा रहा था। फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है।