राजधानी लखनऊ के चौक इलाके में रविवार सुबह एक युवक की सरेराह चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। घनीबस्ती में वारदात अंजाम देकर कातिल फरार हो गया। इलाके लोगों को भनक तक नहीं लगी।
घोड़े से मिट्टी ढोने वाले व्यक्ति ने खून से लथपथ शव पड़ा देखकर पुलिस को सूचना दी। शिनाख्त न होने पर पुलिस ने शव लावारिस में दर्ज करके मॉर्च्युरी भेजा और कातिल की तलाश की जा रही है।
इंस्पेक्टर चौक आईपी सिंह ने बताया कि ठाकुरगंज के हसियामऊ निवासी मुस्ताक ने मोहल्ला महमूदनगर में सुबह 6:30 बजे घोड़े से मिट्टी ढोने के दौरान गली के मोड़ पर युवक को खून से लथपथ शव पड़ा देखकर पुलिस को सूचना दी। उसे ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक के सीने व पेट पर चाकू से वार करके मारा गया था। गली में कुछ दूर तक फैला खून व युवक की दाहिनी गदेली पर जख्म बता रहा था कि उसने जान बचाने के लिए संघर्ष किया।