लखनऊ में हजरतगंज इलाके में युवक-युवती का स्कूटी पर अश्लीलता करते हुए जा रहे थे। पीछे से जा रहे स्कूटी सवार युवकों ने वीडियो बनाकर मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए हजरतगंज पुलिस ने बुधवार को युवक को गिरफ्तार कर स्कूटी को सीज कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक हजरतगंज अखिलेश मिश्रा के मुताबिक युवक विक्की शर्मा चिनहट का रहने वाला है। कपड़े की दुकान में काम कर खर्च चलाता है। पूछताछ में विक्की ने बताया कि 15 जनवरी शाम को नाबालिग के साथ घूमने निकला था। उसी दौरान हजरतगंज से गुजरते वक्त किसी ने वीडियो बना लिया। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक वायरल वीडियो क्लीयर न होने से युवक की पहचान नहीं हो पा रही थी। इसके बाद 100 से सीसीटीवी कैमरे चेक कराए गए। करीब तीनों का रिकार्ड तलाशने के बाद हजरतगंज से आईटी जाने वाले मार्ग पर चेक किया गया तो कैमरे में स्कूटी कैद हो गई। इसके बाद आईटी चौराहे पर नंबर क्लीयर हुआ और युवक की पहचान कर गिरफ्तार किया गया।
एक साल पहले हुई थी मोबाइल पर दोस्ती
आरोपी युवक ने पूछताछ में बताया कि उसकी किशोरी से दोस्ती एक साल पहले हुई थी। आरोपी के मुताबिक उसकी दुकान चिनहट में है। वहीं पर किशोरी के पिता भी दुकान है। एक साल पहले किशोरी के पिता का मोबाइल घर पर छूट गया था। जिसके कारण उसके मोबाइल से बेटी के नंबर पर कॉल करवाया। इसी दौरान किशोरी से बातचीत हुई। फिर अक्सर दोनों एक दूसरे से मोबाइल पर बातचीत और सोशल मीडिया पर चैटिंग करने लगे। दोस्ती बढ़ी तो पिता की दुकान पर आने के बहाने किशोरी मिलती थी। वहीं से उसे घर छोड़ने के नाम पर अक्सर स्कूटी से लेकर निकल जाता था। जब वीडियो बनी तो उस दिन भी उसे घर छोड़ने जा रहा था।
यह था मामला
हजरतगंज चौराहे के पास एक युवक और युवती यातायात नियमों को तोड़ते हुए स्कूटी चला रहे थे। जिसमें युवती युवक की गोद में बैठी है और युवक स्कूटी चला रहा है। साथ ही युवती अश्लीलता करते नजर आ रही है। मंगलवार देर शाम वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ तो पुलिस प्रशाशन हरकत में आया और युवक की पहचान हो सकी।