लखनऊ। विकासनगर के सेक्टर-एक में किराये के मकान में रहने वाली मेकअप आर्टिस्ट नेहा मौर्य (24) ने लिवइन पार्टनर अजीत कुमार की प्रताड़ना से तंग आकर खुदकुशी की थी। उसके पिता सत्यनारायण मौर्य ने यह आरोप लगाते हुए अमित, उसके भाई संदीप व चाची भारती के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
बहराइच के गंगापुर, मुर्तिहा निवासी सत्यनारायण ने बताया कि उनकी बेटी नेहा का विवाह वर्ष 2019 में हुआ था। दो वर्ष पूर्व उसका तलाक हो गया। इसके बाद वह लखनऊ में रहकर मेकअप आर्टिस्ट का काम सीख रही थी। इसी दौरान डीजे का काम करने वाला गांव का अजीत उसके कमरे पर आने-जाने लगा। कुछ समय बाद दोनों साथ रहने लगे। फिर दोनों में विवाद होने लगे।
परिजनों का आरोप है कि अजीत ने नेहा के साथ मारपीट करने के साथ जान से मारने की धमकी दी। इससे वह मानसिक रूप से परेशान थी। उसने मां द्रौपदी देवी को ये बातें बताईं। आरोप लगाया कि अजीत की प्रताड़ना से तंग आकर नेहा ने आठ दिसंबर को घर में फंदा लगा लिया। यह भी आरोप लगाया कि बेटी के पास मौजूद रुपये, गहने और मोबाइल फोन गायब है।
परिजनों का यह भी कहना है कि थाने जाने से पहले आरोपियों ने समझौते का दबाव बनाया। थाना प्रभारी विकासनगर आलोक कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को एफआईआर दर्ज की गई। जांच चल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग आया था। जांच के लिए विसरा सुरक्षित रखा गया है।