अमेठी में पति पर हुए जानलेवा हमले के मामले में बुधवार को दीवानी न्यायालय से घर लौट रही बस पर सवार महिला को नीचे फेंक दिया गया। बस से नीचे गिरी महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मौत से नाराज लोगों ने बस में तोड़फोड़ कर हाईवे जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
कमरौली थाना क्षेत्र के बाबागंज चौराहे पर मोहम्मद जमाल की दुकान है। पिछले दिनों जमाल पर बाइक सवार लोगों ने फायरिंग की थी। फायरिंग में जमाल गंभीर रूप से घायल हुआ था। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर एक आरोपी को जेल भेजा था।
घटना में जमाल की पत्नी कैसरजहां गवाह थी। बुधवार को कैसरजहां दीवानी न्यायालय सुल्तानपुर गई थी। शाम को कैसरजहां सुल्तानपुर बस से घर लौट रही थी। आरोप है कि जैसे ही बाबागंज चौराहे के समीप बस रुकने लगी तभी बस में सवार किसी ने उसे धक्का दे दिया, जिससे कैसरजहां नीचे गिर पड़ी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
कैसरजहां की मौत से नाराज लोगों ने बस में तोड़फोड़ शुरू कर दी। स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई। परिवारीजनों ने हाईवे जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिए। लोगों का आरोप था कि बीते दिनों जमाल पर हुए जानलेवा हमले के आरोपी ने ही कैसरजहां को बस से धक्का देकर नीचे गिराया, जिससे उसकी मौत हो गई।