निगोहां। समेसी उपकेंद्र से आने वाली हाईटेंशन लाइन का तार बीते मंगलवार आधी रात को कस्बे के स्टेशन रोड स्थित घरों पर गिर गया। धमाके और तेज चिंगारियों से घरों में अफरातफरी मच गई। परिवार के लोग घरों के भीतर आधे घंटे तक सहमे रहे।
बिजली बंद हुई तब घरों से लोग निकले और हंगामा और प्रदर्शन किया। जानकारों के अनुसार पहले से मौजूद हाईटेंशन लाइन के नीचे ही लोगों ने खेत में घर बना लिए हैं। तार टूटने से चार घंटे तक निगोहां कस्बा समेत 20 से ज्यादा गांवों की बिजली गुल रही।
विज्ञापन
शॉर्ट सर्किट से घटना, फर्श भी उखड़ गई
रात करीब 12 बजे हाईटेंशन तार शॉर्ट सर्किट के कारण टूट कर कई घरों की छत से लटकते हुए कारपेंटर मोहम्मद शरीफ के घर में आंगन में जा गिरा। करंट और चिंगारियों इतनी तेज थीं घर की पक्की फर्श उखड़ गई। उपकेंद्र पर फोन करके आपूर्ति बंद कराई गई। रात में बिजली कर्मी पहुंचे और टूटे तार को जोड़ा। कर्मचारियों को ग्रामीणों ने घेर लिया हाईटेंशन लाइन को दूसरी जगह शिफ्ट करने की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लाइन शिफ्ट कराने का आश्वासन देकर सबको शांत कराया।