दिसंबर में सजेगा हुनरमंदों का महाकुंभ
लखनऊ। अब वक्त आ गया है जब यूपी के हुनरमंद युवा अपनी प्रतिभा से चीन के मंच पर भारत का परचम लहराएंगे। तकनीकी शिक्षा पाने वाले विद्यार्थियों के लिए यह अवसर किसी सपने से कम नहीं। दिसंबर 2025 में होने वाली भारत कौशल प्रतियोगिता के विजेताओं को जनवरी 2026 में चीन में विश्व कौशल प्रतियोगिता में भाग लेने का सुनहरा मौका मिलेगा।
उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। मंडल स्तरीय प्रतियोगिता नवंबर में और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता दिसंबर में आयोजित होगी। इस बार प्रतियोगिता को लेकर युवाओं में जबरदस्त उत्साह है। अब तक 1,09,249 युवाओं ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है।
प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के लिए पुरस्कार भी तय किए गए हैं। मंडल स्तर पर प्रथम स्थान पाने वाले को 2100 रुपये और द्वितीय स्थान पाने वाले को 1100 रुपये मिलेंगे, वहीं राज्य स्तर पर प्रथम विजेता को 11,000 रुपये और द्वितीय विजेता को 5,000 रुपये की राशि दी जाएगी।
अधिकारियों का कहना है कि यह सिर्फ प्रतियोगिता नहीं, बल्कि एक ऐसा मंच है जहां तकनीकी ज्ञान और रचनात्मक सोच मिलकर भविष्य गढ़ेगी। इससे युवाओं को न केवल अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा, बल्कि विश्व पटल पर भारत के कौशल की चमक और भी निखरेगी।