लखनऊ। विकासनगर मोड़ के किनारे रहने वाले लाई-चना विक्रेता लालाराम वर्मा (50) की हत्या लूट और रंजिश के इरादे से की गई थी। पुलिस ने 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद तीन आरोपियों को रविवार को गिरफ्तार किया।
एसओ विकासनगर आलोक सिंह ने बताया कि 29 दिसंबर की देर रात सोते वक्त सीतापुर के लहरपुर चंदेशुआ गांव निवासी लालाराम वर्मा की सिर पर ईंट से वार कर हत्या कर दी गई थी। उनकी पत्नी ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया था। सीसीटीवी कैमरे में पुलिस को दो युवक लालाराम पर ईंट से हमला करते दिखे थे।
गुमराह करने के लिए वाहन का नहीं किया था प्रयोग
एसीपी गाजीपुर ए. विक्रम सिंह ने बताया कि फुटेज में दिख रहे आरोपी पैदल आए थे। वे लोग घटनास्थल से पैदल पुरनिया तक गए और फिर वहां से ऑटो पकड़ कर चौक पहुंचे। वहां पर आरोपी ऑटो से उतरकर एक गली में चले गए। पुलिस ने पूरे रूट पर लगे करीब 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों को खंगाला तब जाकर तीन आरोपियों का पता चला। रविवार को पुलिस ने मड़ियांव मोहिबुल्लापुर झोपड़-पट्टी निवासी धनराज, राहुल और सोनू को गिरफ्तार किया।
आरोपी धनराज मूल रूप से बाराबंकी के नौराही और राहुल अयोध्या के रुदौली का निवासी है। तीनों ने बताया कि पहले लालाराम मड़ियांव इलाके में रहते थे। कुछ दिन पहले उनका उनसे झगड़ा हो गया था। इसी रंजिश में आरोपियों ने उनकी हत्या कर दी और उनकी जेब में रखे 7,240 रुपये लूटकर भाग गए थे।
आरोपी सोनू का पता नहीं तस्दीक कर सकी पुलिस
एसओ विकासनगर आलोक सिंह का कहना है कि हत्या का आरोपी सोनू बेहद ही शातिर है। पूछताछ में उसने अपना सही पता पुलिस को नहीं बताया। कभी वह खुद को सीतापुर तो कभी बाराबंकी का रहने वाला बता रहा है। उन्होंने बताया कि जल्द ही आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।
गिरफ्तार किए गए आरोपी।
गिरफ्तार किए गए आरोपी।
गिरफ्तार किए गए आरोपी।