लखनऊ। मड़ियांव में सीतापुर रोड स्थित भिठौली फ्लाईओवर पर बृहस्पतिवार को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार रैथा रोड निवासी प्रांजलि सिंह (18) की मौत हो गई। वह कोचिंग से लौट रही थी।
इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्रा ने बताया कि प्रांजलि के पिता डॉ. राना सिंह की क्लीनिक है। प्रांजलि ने पिछले वर्ष इंटर पास किया था। वह अलीगंज स्थित कोचिंग से नीट की तैयारी कर रही थी। बृहस्पतिवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे कोचिंग से लौटते वक्त भिटौली फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पीछे से प्रांजलि की स्कूटी में टक्कर मार दी। घटना के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से भाग निकला। राहगीरों ने एंबुलेंस को सूचना देकर घायल छात्रा को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। सूचना पर परिजन भी ट्रॉमा पहुंचे और छात्रा को जानकीपुरम के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इंस्पेक्टर ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी वाहन चालक के बारे में पता लगाया जा रहा है। हादसे के वक्त छात्रा ने हेलमेट पहना था या नहीं इसका पता नहीं चल सका है।
डॉक्टर बनने का था सपना
प्रांजलि का सपना डॉक्टर बनने का था। इसके लिए वह मेहनत कर रही थी। पिता की तरह वह भी डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना चाहती थी। लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। सभी का रो-रोकर बुरा हाल था।