लखनऊ। मलिहाबाद में सोमवार दोपहर वंशी गढ़ी गांव में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन साइकिल से टकरा गया। हादसे में साइकिल सवार वंशी गढ़ी निवासी आठवीं की छात्रा रेशमा (14) की मौत हो गई। उनकी बड़ी बहन संध्या और छोटी बहन सुनैना गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने आरोपी अज्ञात चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने की धारा में एफआईआर दर्ज की है।
रेशमा के पिता रामू के मुताबिक बेटी सरकारी स्कूल में कक्षा आठ की छात्रा थी। सोमवार दोपहर वह बहनों के साथ साइकिल से बाग जा रही थी। साइकिल संध्या चला रही थी। भटखेरवा रोड पर दोपहर करीब एक बजे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन बेटी की साइकिल से टकरा गया। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद आरोपी भाग निकला। ग्रामीण तीनों को काकोरी के जेहटा रोड पर स्थित अस्पताल में ले गए। यहां इलाज के दौरान रेशमा ने दम तोड़ दिया। रेशमा के परिवार में मां लल्लो देवी व छह भाई बहन भी हैं। इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह भाटी के मुताबिक पिता की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही हैं।