बहराइच में मंगलवार भोर में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ीं। जंगल से सटे इलाकों में मामूली ओलावृष्टि हुई है। रुपईडीहा क्षेत्र में बिजली गिरने से एक बालिका की झुलसकर मौत हो गई। मौसम के बदले मिजाज से किसान परेशान हैं।
उन्हें फसलों की चिंता सता रही है। बादलों की गड़गड़ाहट के बीच रुपईडीहा थाना अंतर्गत सुमेरपुर हाशमीपुर गांव निवासी नसीबा बनो (11) पुत्री इबरार कमरे में सो रही थी। तभी भवन पर बिजली गिर गई। चीख पुकार सुनकर परिवार के लोग दौड़े।
नसीबा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरदा पहुंचाया गया। वहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बिजली गिरने से बालिका की मौत की सूचना पर थानाध्यक्ष मधुपनाथ मिश्र ने मौके पर पहुंचकर उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद बालिका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।