मृतक गैंगस्टर श्याम सुंदर शुक्ला
- फोटो : amar ujala
श्याम सुंदर की मंगलवार को दीवानी न्यायालय में पेशी थी। वह पेशी पर आया भी था। पेशी से श्याम सुंदर वापस जेल पहुंचा था। रात करीब 10 बजे श्याम सुंदर का शव निर्माणाधीन बैरक में गमझे से लटकता पाया गया। बंदी रक्षकों ने इसकी सूचना जेल अधीक्षक अमिता दुबे को दी। बंदी की मौत से जेल में हड़कंप मच गया।
जेल अधीक्षक ने इसकी सूचना जिलाधिकारी के साथ ही पुलिस अधीक्षक को दी। सूचना मिलते ही एएसपी सिटी डॉ. मीनाक्षी कत्यायान, एसडीएम सदर प्रणय सिंह, नगर कोतवाल नंदकुमार तिवारी जेल पहुंच गए। अधिकारियों ने जेल का निरीक्षण कर शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
जेल अधीक्षक की सूचना पर रात करीब 12 बजे श्याम सुंदर के पिता शीतला प्रसाद परिवारीजनों के साथ पहुंच गए। शीतला प्रसाद ने जेल में निरुद्ध बहू शालिनी से मुलाकात की इच्छा जाहिर की तो उन्हें रात में ही मुलाकात कराई गई। शीतला प्रसाद की मानें तो उनकी बहू शालिनी ने बताया कि श्यामसुंदर की गला घोंटकर हत्या की गई है।
पोस्टमार्टम हाउस के बाहर मौजूद मृतक के परिवारीजन।
- फोटो : amar ujala
बुधवार को पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया। पोस्टमॉर्टम चिकित्सक डॉ. केके भट्ट और डॉ. आरके यादव ने किया। सूत्रों की मानें तो पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में श्याम सुंदर की मौत की वजह हैंगिंग पाई गई है।
बंदी की मौत की सूचना पर बुधवार को जेल पहुंचे डीआईजी जेल उमेश श्रीवास्तव ने जांच की। डीआईजी ने जेल में बंद बंदियों के साथ ही बंदी रक्षकों से पूछताछ की। देर शाम तक डीआईजी का निरीक्षण जारी रहा। जेल अधीक्षक अमिता दुबे इस संबंध में मीडिया से बात करने से कतराती रहीं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
अपर पुलिस अधीक्षक शहर डॉ. मीनाक्षी कात्यायन ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद मौत की वजह पता चल सकेगी।