गोसाईंगंज। चांदी के आभूषण बनाने वाले कारीगर के साथ ठगी का मामला सामने आया है। उन्नाव निवासी कारीगर से जालसाज नकली चांदी देकर लाखों रुपये की चांदी की बिछिया लेकर भाग गया। पीड़ित ने गोसाईंगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इंस्पेक्टर राजीव रंजन उपाध्याय ने बताया कि उन्नाव के शुक्लागंज क्षेत्र निवासी सुनील रस्तोगी चांदी की बिछिया बनाकर दुकानों पर बेचते हैं। सुनील के अनुसार, करीब 15 दिन पहले खलीलाबाद निवासी अजय कुमार वर्मा ने फोन करके 15 किलो चांदी की बिछिया का ऑर्डर दिया। इस पर उन्होंने व्यापारियों से कच्चा माल लेकर ऑर्डर तैयार करना शुरू कर दिया। आरोपी ने दोबारा फोन कर बताया कि उसके पिता कैंसर से पीड़ित हैं और वह लखनऊ के कल्याण सिंह कैंसर अस्पताल में भर्ती हैं। उसने तैयार माल वहीं देने के लिए कहा। 2 अप्रैल को वह अस्पताल पहुंचे और आरोपी को 5.864 किलो चांदी की बिछिया दे दी। इसके बदले आरोपी ने 3.515 किलो चांदी के सिक्के दिए। अस्पताल में तत्काल सिक्कों के जांच संभव न होने के कारण वह सामान लेकर घर लौट आए। जांच करने पर पता चला कि आरोपी के सिक्के नकली हैं। उन्होंने आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की तो उसका फोन बंद मिला। इंस्पेक्टर के अनुसार, आरोपी की तलाश की जा रही है।