निशातगंज चौराहे पर फंस रहा है ट्रैफिक।
लखनऊ। गोमती तट पर बने ग्रीन कॉरिडोर के निशातगंज चौराहे पर फंस रहे ट्रैफिक को सुगम करने के लिए एलडीए यहां एलिवेटेड फ्लाईओवर बनाएगा। गोमतीनगर से हनुमान सेतु की ओर करीब 450 मीटर लंबे फ्लाईओवर का काम दो महीने बाद शुरू होगा और निर्माण एक साल में पूरा किया जाएगा। इस पर करीब 81 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
समतामूलक से डालीगंज तक ग्रीन कॉरिडोर पर आवागमन 13 मार्च से शुरू हो चुका है। इसके बीच में निशातगंज चौराहे पर ट्रैफिक फंसने से लोग अभी फर्राटा नहीं भर पा रहे हैं। इस परेशानी को अमर उजाला ने भी कई बार उठाया। समस्या को दूर करने के लिए एलडीए ने टाटा कंपनी से सर्वे कराकर रिपोर्ट तैयार कराई। इसमें एलिवेटेड फ्लाईओवर बनाने का सुझाव दिया गया। अब एलडीए योजना पर अमल करने जा रहा है।
चौराहे पर यह है समस्या
ग्रीन कॉरिडोर का ट्रैफिक निकालने के लिए निशातगंज में स्मृति वाटिका के पास बनाए गए नए चौराहे पर अभी यातायात उलझ रहा है। यहां समतामूलक चौक की ओर से जो ट्रैफिक आ रहा है उसे महानगर और सिकंदरबाग चौराहा और हनुमान सेतु की ओर से आने वाला ट्रैफिक काटता है। ऐसे में फर्राटा भरते हुए ग्रीन कॉरिडोर का चौराहा पार नहीं हो पा रहा है। स्थिति सुधारने के लिए तीन महीने पहले चौराहे पर ट्रैफिक सिग्नल लाइटें लगवाई गईं लेकिन ये शोपीस बनी हुई हैं। इसके अलावा महानगर की ओर से आने वाले वे वाहन चालक जिन्हें हनुमान सेतु की ओर से जाना होता है वे पेपर मिल तिराहा से उल्टी दिशा में भी आते हैं। इसका कारण है कि तिराहे पर बने यूटर्न से महानगर की ओर से निशातगंज पुल की ओर से आने वाला ट्रैफिक सीधे स्मृति वाटिका चौक पर नहीं आता है। ऐसे में लंबे यूटर्न से बचने के लिए वाहन चालक उल्टी दिशा से आते हैं। इससे भी जाम लगता है।
पक्का पुल पर फ्लाईओवर बनाने पर हो रहा विचार
एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया कि पक्कापुल के पास जहां ग्रीन कॉरिडोर का नया फ्लाईओवर उतरा है वहां से कुडियाघाट की ओर भी फ्लाईओवर बनाने पर विचार चल रहा है। इससे उन लोगों को आसानी हो जाएगी जो सीधे बसंतकुंज की ओर जाना चाहते हैं। अभी नए पक्कापुल के पास कई जगह का ट्रैफिक आता है। यह फ्लाईओवर योजना में है लेकिन इसे बनाने पर अभी निर्णय नहीं लिया गया है। सर्वे में यह भी सामने आया कि चौराहे के पास पर्याप्त जगह है। हालांकि, इसके लिए एक स्थल की बाउंड्री को पीछे कराना पड़ेगा क्योंकि वह आगे बढ़ाकर बनाई गई है।
कोट
निशातगंज चौराहे पर आवागमन में समस्या को देखते हुए कराए गए सर्वे के अनुरूप ही वहां पर फ्लाईओवर बनाया जाएगा। इससे आवागमन आसान हो जाएगा।
- प्रथमेश कुमार, वीसी, एलडीए