लखनऊ। कैंसर संस्थान में जापानी तकनीक से लैस अत्याधुनिक फ्लोरोस्कोपी मशीन पहुंच गई है। मशीन जल्द ही स्थापित का दी जाएगी। इससे महिलाओं की बच्चेदानी (गर्भाशय) और फैलोपियन ट्यूब की जांच होगी। साथ ही पेट, हड्डी जोड़, यूरोलॉजी और स्त्री रोग से जुड़ी जांच की सुविधा भी मिलेगी।
संस्थान के निदेशक डॉ. एमएलबी भट्ट ने बताया कि मशीन स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस नई मशीन से मरीजों को अधिक सटीक जांच की सुविधा मिलेगी। जटिल चिकित्सकीय प्रक्रियाओं को सुरक्षित और प्रभावी तरीके से करने में भी डॉक्टरों को मदद मिलेगी। मशीन से पेट संबंधी जांच, बेरियम स्टडी, हड्डियों और जोड़ों से जुड़ी प्रक्रियाएं, यूरोलॉजिकल और गायनेकोलॉजिकल जांच की जा सकेंगी। सर्जरी के दौरान डॉक्टरों को मार्गदर्शन देने और दर्द प्रबंधन में भी यह मशीन उपयोगी होगी।
रेडियोलॉजी विभागाध्यक्ष एवं डीन डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता ने बताया कि मशीन से विभाग की सुविधाएं और मजबूत होंगी। इससे कई जांच और इंटरवेंशनल प्रक्रियाएं अधिक सटीकता से की जा सकेंगी। इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विजेंद्र कुमार, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वरुण विजय, वित्त अधिकारी उपेंद्र तिवारी समेत अन्य डॉक्टर और अधिकारी मौजूद रहे।