झगड़े का बीच-बचाव करने गए अधेड़ किसान को मजदूरों ने लोहे के सरिये से पीटकर मरणासन्न कर दिया। आनन-फानन गंभीर हालत में किसान को अयोध्या के मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी। पुलिस ने बेटे की तहरीर पर तीन लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के लोलपुर गांव में सड़क के किनारे बने एक घर में बिहार से आए मजदूर रहकर मजदूरी करते थे। रविवार देर रात मजदूर आपस में झगड़ा करने लगे। तेज आवाज सुनकर बगल के घर में रह रहे सरदार सिंह (55) मौके पर पहुंचकर झगड़ा छुड़ाने लगे। इसी दौरान आमादा फौजदारी तीन मजदूरों ने सरदार पर हमला कर दिया और लोहे की सरिया से पीटकर लहूलुहान कर दिया।
ये भी पढ़ें - रजनीकांत से मिले राजा भैया, बोले- वो देश के सबसे बड़े महानायक, भेंट की बाबा विश्वनाथ की विभूति
ये भी पढ़ें - हारी सीटें जीतने को BJP लाभार्थियों को बनाएगी हथियार, पांच-सात बूथों का क्लस्टर बनाकर एक प्रभारी नियुक्त
शोर सुनकर कर मौके पर पहुंचे परिजनों ने लहूलुहान अवस्था में मरणासन्न पड़े सरदार सिंह को अयोध्या के श्रीराम अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डाक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए दर्शननगर स्थित राजा दशरथ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। किसान के परिवार के साथ-साथ गांव में भी हाहाकार मचा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
वारदात की सूचना मिलते ही देर रात तरबगंज के पुलिस क्षेत्राधिकारी संजय तलवार और नवाबगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मृतक के बेटे की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।