शहीद पथ पर बुधवार सुबह कंटेनर में तेज रफ्तार डीसीएम पीछे से जा घुसी । हादसे में डीसीएम के परखच्चे उड़ गए। वहीं चालक की मौत हो गई । उधर पीछे से आ रही कार भी झाड़ियों में जा घुसी । सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहनों को हटवाया। चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के कारण शहीद पथ पर जाम लग गया था।
प्रभारी निरीक्षक विभूति खंड डा. आशीष कुमार मिश्र के मुताबिक बुधवार सुबह कानपुर की तरफ से आ रही डीसीएम शहीदपथ पर समिट बिल्डिंग के सामने कंटेनर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डीसीएम का अगला हिस्सा कंटेनर में घुस गया। हादसे में चालक केबिन में फंस गया। कानपुर देहात निवासी रामदीन के बेटे डीसीएम चालक अंकित पाल (32) की मौत हो गई। इसी बीच पीछे से आई कार भी टकरा गई। कार सवार घायल हो गए।
पुलिस ने वाहनों को क्रेन की मदद से हटा कर शव को कब्जे में लिया है। पुलिस के मुताबिक, हादसा अचानक ब्रेक लेने से हुआ है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।