वाह री दाल! तुम इतनी कीमती हो गई कि अब तोहफे में भी दी जाने लगी। वाकया सीतापुर के कमलापुर का है। शहनाइयों की गूंज के बीच मेहमानों का स्वागत कर रहे दूल्हा-दुल्हन उस वक्त हैरान रह गए, जब उन्हें शादी के तोहफे में 30 किलो अरहर की दाल दी गई।
खुशी के लम्हों के दौरान यह तोहफा देख हर शख्स कुछ देर के लिए हैरान रह गया। फिर, उनके चेहरे पर मुस्कुराहट तैर गई। दूल्हे ने भी इन दोस्तों का बड़ी गर्मजोशी से स्वागत किया और इसे सबसे बेहतरीन तोहफा करार दिया।
दरअसल, कमलापुर में रहने वाले सिराज का गुरुवार को दावत-ए-वलीमा था। पंडाल में स्टेज पर बैठे दूल्हा-दुल्हन अपने दोस्तों, रिश्तेदारों व अन्य मेहमानों का इस्तकबाल कर रहे थे। गिफ्ट में इस नवविवाहित जोड़े को तरह-तरह की चीजें मिल रही थीं। कुछ मेहमान नजराने के तौर पर नकदी दे रहे थे।