लखनऊ। भारत में फेफड़ों का कैंसर मामलों के हिसाब से तीसरा सबसे बड़ा रोग है लेकिन मौत के मामले में यह सबसे आगे है। प्रदेश में 90 फीसदी मरीज बीमारी के अंतिम चरण में अस्पताल पहुंचते हैं, तब तक इलाज की गुजाइंश तक नहीं बचती। शुरुआती लक्षणों को टीबी या दमा समझकर अनदेखा करना खतरनाक है। यह जानकारी शनिवार को संस्थान के पल्मोनोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. आलोक नाथ ने पीजीआई में आयोजित सीएमई में दी।
डॉ. आलोक नाथ ने बताया कि धूम्रपान करने वालों में पुरानी खांसी को अक्सर अस्थमा का अटैक समझ लिया जाता है, जबकि यह कैंसर का शुरुआती संकेत हो सकता है। धूम्रपान के अलावा वायु प्रदूषण भी फेफड़ों के कैंसर का बड़ा कारण बन रहा है। यही वजह है कि धूम्रपान नहीं करने वाली महिलाओं में भी यह बीमारी तेजी से बढ़ रही है। फेफड़ों के कैंसर से बचाव का सबसे कारगर तरीका है समय पर जांच।
नई दवाओं से बंधी उम्मीद
अब कैंसर के जीन में होने वाले बदलावों की जांच कर टारगेटेड दवाओं से इलाज संभव है। इसके लिए गेफिटिनिब, ओसिमर्टिनिब, सेरिटिनिब, लोरलाटिनिब जैसी दवाएं उपलब्ध हैं। जिन मरीजों में म्यूटेशन नहीं मिलता, उनके लिए कीमोथेरेपी के साथ इम्यूनोथेरेपी नया स्टैंडर्ड इलाज बन गई है। रेडियोथेरेपी विभाग की प्रो. सुषमा अग्रवाल ने बताया कि अंतिम चरण के मरीजों में हाई डोज रेडियोथेरेपी से बीमारी को स्थानीय स्तर पर नियंत्रित कर जीवन बढ़ाया जा सकता है।
एआई से फेफड़ों के कैंसर की जल्द पहचान
एआई अब डॉक्टरों की मदद करने वाला नया तरीका बन रहा है, जो आम छाती के एक्स-रे में छोटी-छोटी गांठ और शक वाली चीजों को अपने आप पकड़ लेता है। एक्स-रे को समझने में डॉक्टर की मदद करके और जल्दी जांच करवाकर, एआई से छूटी हुई चीजें कम हो सकती हैं, जांच जल्द हो सकती है, और फेफड़ों के कैंसर को शुरू में ही पकड़ने का रास्ता मजबूत हो सकता है। (माई सिटी रिपोर्टर)