लखनऊ। जालसाजों ने जमीन और बाइक के नाम पर सिपाही व एक अन्य युवक से 12 लाख रुपये ऐंठ लिए। पीड़ितों ने निगोहां और ठाकुरगंज थाने में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अमेठी के थाना भाले सुल्तान में तैनात सिपाही अमर पाल सिंह के मुताबिक कुछ वर्ष पहले उनकी मुलाकात नीरज श्रीवास्तव ने निगाेहां स्थित अचनतारा इंफ्राटेक प्रा.लि. के निदेशक नीरज सिंह से कराई थी। नीरज सिंह ने उन्हें निगोहां में प्लॉट दिखाया था। प्लॉट पसंद आने पर सौदा 10 लाख में तय हुआ था। भुगतान के बाद नीरज और सह निदेशक प्रीत करन सिंह ने उनके नाम रजिस्ट्री कर दी, मगर कब्जा नहीं दिया। पड़ताल करने पर पता चला कि जिस प्लॉट की रजिस्ट्री उन्हें की गई है वह किसी और कंपनी की है। उन्होंने आरोपियों से दस लाख वापस मांगे तो उन्होंने धमकाना शुरू कर दिया। थानाध्यक्ष निगोहां अनुज कुमार तिवारी के मुताबिक मामले की तफ्तीश की जा रही है।
उधर, दुबग्गा निवासी मिर्जा शाहरुख बेग के मुताबाकि 2022 में उन्होंने ठाकुरगंज स्थित बाइक शोरूम से बाइक खरीदी थी। उन्होंने दो लाख रुपये भुगतान भी किया था। मगर शोरूम प्रबंधक ने उन्हें बाइक की डिलीवरी नहीं दी। विरोध पर प्रबंधक और एजेंट महानगर निवासी शहंशाह जमाल बेग ने धमकाना शुरू कर दिया। उन्होंने जब पुलिस से शिकायत की तो कोई सुनवाई नहीं की गई। ऐसे में उन्होंने कोर्ट की शरण ली। इंस्पेक्टर ओमवीर चौहान ने बताया कि पीड़ित को दस्तावेज के साथ बुलाया गया है। बयान और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।