फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lucknow News: पति को गोकशी में फंसाने की रची थी साजिश, प्रेमी गिरफ्तार

विज्ञापन
विज्ञापन
लखनऊ। गो तस्करी की आरोपी जिस महिला को हाईकोर्ट परिसर से पकड़ने की कोशिश में तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित होना पड़ा, उसने अपने पति को गोकशी के आरोप में फंसाने के लिए प्रेमी के साथ मिलकर साजिश रची थी। काकोरी में ऑनलाइन पोर्टर से बुक कराए डाले में गोमांस मिलने की पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पेपर कारोबारी पति को गोकशी के आरोप में फंसाने के लिए महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर इसकी साजिश रची थी। पुलिस पूछताछ में पर्दाफाश के बाद भोपाल निवासी आरोपी को गिरफ्तार कर मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
विज्ञापन

14 जनवरी को बजरंग दल की सूचना पर काकोरी पुलिस ने एक डाले को दुर्गागंज के पास रोका था। इसमें गोमांस मिला था। पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया। जांच में निर्दोष पाए जाने पर उसे छोड़ दिया गया। पड़ताल बढ़ी तो सामने आया कि अमीनाबाद निवासी वासिफ की काकोरी के हरदोई रोड स्थित कुसमौरा गांव मोड़ के पास पेपर फैक्ट्री है। पुलिस ने पाया कि उसकी पत्नी आमीना ने भोपाल निवासी प्रेमी आमान के साथ मिलकर वासिफ को गोकशी के अपराध में फंसाने की साजिश रची थी।

इंस्पेक्टर सतीश चंद्र राठौर के अनुसार आमान ने आमीना की मदद से वासिफ की आईडी का इस्तेमाल कर अमीनाबाद से काकोरी तक के लिए ऑनलाइन पोर्टर बुक किया। उसी वाहन में उसे चोरी से एक गत्ते में भोपाल से लाया करीब 12 किलो गोमांस रख दिया। इसके बाद खुद को विशाल बताकर बजरंग दल को सूचना दी।
विज्ञापन


जांच में यह भी सामने आया कि आमान और आमीना वर्ष 2022 में इंस्टाग्राम से दोस्त बने थे। धीरे-धीरे दोनों में प्रेम संबंध हो गया। आमान ने विशाल के नाम से बजरंग दल में दो हजार रुपये देकर सदस्यता भी ले रखी थी, ताकि उसकी सूचना विश्वसनीय लगे और वासिफ फंस जाए। इंस्पेक्टर सतीश चंद्र राठौर ने बताया कि आमीना पहले भी कई बार पति को फंसाने की साजिश रच चुकी है। एक मामले में वासिफ को जेल भी जाना पड़ा था। लगभग एक माह बाद वह रिहा हुआ था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें