लखनऊ। मड़ियांव में शनिवार शाम खेल-खेल में दो वर्षीय बच्चे ने तेजाब पी लिया। रविवार शाम ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मड़ियांव के भरत नगर में एलडीए में कंप्यूटर ऑपरेटर जय नारायण कश्यप पत्नी रीना, दो बेटियों और बेटे हरिओम (2) के साथ रहते हैं। जय नारायण के मुताबिक शनिवार शाम बेटा घर के आंगन में खेल रहा था। तभी वह बाथरूम में चला गया और वहां रखा तेजाब पी लिया। उसकी हालत बिगड़ने लगी तो पत्नी ने पड़ोसियों की मदद से उसे ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया।
बेटे की मौत से मां रीना को गहरा सदमा लगा। उनकी तबीयत बिगड़ गई। घरवालों और पड़ोसियों ने किसी तरह उन्हें संभाला।
न कराएं उल्टी
केजीएमयू में इमरजेंसी मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. हैदर अब्बास ने बताया कि कोई जहरीला पदार्थ या तेजाब पी ले तो उसे उल्टी न कराएं। ऐसा करने पर जलने के कारण आहार नली लीक हो सकती है। तेजाब पीने पर आहार नली जलकर आपस में चिपक जाती है। साथ ही श्वास नली चोक होने पर बच्चे को सांस लेने में समस्या हो सकती है। उसे तुरंत घर से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराएं।
इन बातों का रखें ध्यान
चाकू, माचिस और किसी प्रकार के केमिकल (तेजाब, कीटनाशक, क्लीनिंग पाउडर) को अलमारियों या फिर किसी ऊंचे स्थान पर रखें।
दवाएं भी बच्चों की पहुंच से दूर रखें।
उन्हें अकेला न छोड़ें। उनके साथ अभिभावक या कोई जिम्मेदार शख्स बच्चों पर निगरानी बनाए रहे।