लखनऊ। चारबाग रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब यात्रियों को लेकर जाने वाली बैटरीचालित कार्ट प्लेटफॉर्म नंबर चार से नीचे पटरी पर गिर गई। जिस समय हादसा हुआ, उस समय कार्ट में कोई यात्री नहीं था। कार चालक की लापरवाही सामने आने पर आरपीएफ ने उसके खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है और कार्ट भी जब्त कर लिया है।
जिस समय कार्ट पटरी पर गिरी, उस समय बारिश हो रही थी। इसके बाद भी उसे लापरवाही से चलाया जा रहा था, जिससे वह प्लेटफाॅर्म से फिसलकर पटरियों पर जाकर गिरी। यह तो गनीमत रही कि उसमें कोई यात्री नहीं था और न ही उस समय कोई ट्रेन आ रही थी। यह घटना करीब 10:50 बजे की है। 11:10 बजे कार्ट को पटरी से हटाया जा सका।
पहले भी सामने आई है लापरवाही
जानकारों का कहना है कि चारबाग और लखनऊ जंक्शन पर आए दिन कार्ट चालकों की लापरवाही से यात्री चोटिल हो रहे हैं। एक यात्री के पैर की हड्डी जनवरी में ऐसी ही लापरवाही से टूट गई थी। पिछले साल लखनऊ स्टेशन पर एक कार्ट ट्रेन से टकरा गई थी। यात्रियों से मनमाना किराया भी वसूला जाता है।
अखिल भारतीय कुली मोर्चा भी रेलवे से इसकी शिकायत कर चुका है। पिछले दिनों जंक्शन पर आरपीएफ ने कार्रवाई की थी, जिसके विरोध में ठेकेदार ने कार्ट का संचालन रोक दिया था। जिस ठेकेदार के पास कार्ट संचालन का ठेका है, वह प्रति कार्ट प्रतिदिन 1500 रुपये किराया पर देता है।
पटरी पर गिरी कार्ट।