सीतापुर के सदरपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात अलाव ताप रहे चार लोगों को एक कार ने रौंद दिया। इससे एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को क्षेत्र के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद कार चालक वाहन को मौके पर छोड़कर भाग गई। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है।
सदरपुर के ग्राम सोसा बनबीरपुर निवासी प्यारेलाल की पत्नी रुकना देवी (65), लल्लू (55), लल्लू की पत्नी जगदेई (50), मिंटू की पुत्री संध्या देवी (6) घर के बाहर अलाव ताप रही थी। इसी बीच एक तेज रफ्तार कार ने अलाव ताप रहे लोगों को रौंद दिया।
बताते हैं कि कार की रफ्तार इस कदर तेज थी, कि गाड़ी एक दीवार से टकराने के बाद रुकी। हादसे में अलाव ताप रहे चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। परिवारीजन घायलों को लेकर बिसवां सीएचसी भागे। लेकिन लल्लू ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
परिवारीजनों ने रुकना देवी को बिसवां सीएचसी में भर्ती कराया। यहां पर रुकना ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। जगदेई व मिंटो देवी को क्षेत्र के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसे के बाद कार चालक वाहन को छोड़कर मौके से भाग गया। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है।