बाजार से खरीदारी करके घर लौट रहे व्यवसाई को बदमाशों ने रास्ते से अगवा कर लिया और हत्या कर दी। इसके बाद शव को प्रतापगढ़ जिले के लोकई का पुरवा गांव के पास सरपत में फेंक दिया।
जिले के कुड़वार थाना क्षेत्र के पूरे रघुनाथ गांव निवासी विजय भान शुक्ला (45) की कुड़वार कस्बे में बक्सा व अलमारी की दुकान है। शनिवार की सुबह विजय भान सुल्तानपुर शहर में खरीदारी करने आये थे।
शाम करीब पांच बजे विजय भान की पत्नी रेखा ने उन्हें फोन मिलाया तो फोन स्विच ऑफ था। अनहोनी का अंदेशा होने पर पत्नी ने कोतवाली नगर में पति की गुमशुदगी दर्ज करा दी।
रविवार की सुबह प्रतापगढ़ जिले के कोहड़ौर थाना अंतर्गत लोकई का पुरवा गांव के पास ग्रामीणों ने सरपत में एक शव पड़ा देखा। शव के पास मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान विजय भान के रूप में की गई। नगर कोतवाल भूपेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों का पता चलेगा।