लखनऊ के हुसैनगंज के बर्लिंग्टन चौराहा पर बृहस्पतिवार रात सिटी बस का ब्रेक फेल होने से भीषण हादसा हो गया। बेकाबू बस ने सड़क पर खड़ी कार और सामने से आ रही स्कूटी में टक्कर मार दी। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और तीन जख्मी हैं। दहशत से बस की सवारियां खिड़कियों से कूदकर भागीं। हादसे से भड़के लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। चौराहे पर करीब एक घंटे तक अफरा-तफरी रही। तोड़फोड़ और आगजनी की आशंका से मौके पर पहुंचे एएसपी पूर्वी सर्वेश कुमार मिश्रा ने आसपास के थानों की फोर्स बुलवा ली।
एएसपी पूर्वी सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि हादसा रात करीब नौ बजे हुआ। हजरतगंज से चारबाग जा रही सिटी बस का बर्लिगटन चौराहे पर ब्रेक फेल हो गया। पहले उसने खड़ी कार फिर स्कूटी में टक्कर मारी। स्कूटी सवार छितवापुर निवासी व सदर बाजार स्थित कोऑपरेटिव बैंक की शाखा प्रबंधक सुबोधिनी पांडेय, उनके साथ बैठी 17 वर्षीय बेटी गौरी तथा पैदल जा रहे वजीरगंज के मशकगंज निवासी 35 वर्षीय दुर्गा प्रसाद को कुचल दिया। इनकी हालत गंभीर बनी हुई है। बस आगे जाकर दुर्गगा रेस्टोरेंट के सामने लगे बिजली के पोल के पास रुक गई। उसमें फंसी कार बिजली के पोल और बस के बीच दब गई।
हुसैनगंज व कैसरबाग पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। हादसे में लखीमपुर निवासी 27 साल के शोभित और लालबाग निवासी 57 साल के हामिद हुसैन वारसी की मौत हो गई। हंगामे पर एएसपी पूर्वी सहित सीओ हजरतगंज चौक, कैसरबाग समेत कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची और हालात काबू में किया। बस चालक राजू को हिरासत में लिया गया है।