उड़ते-उड़ते आसमान से गिरा कबूतर।
- फोटो : amar ujala
अमेठी जिले के पालपुर में रविवार सुबह एक कबूतर उड़ते हुए आसमान से टपक कर सड़क पर गिरकर बेहोशी की मुद्रा में छटपटाने लगा। जब तक लोग कुछ समझ पाते तब तक एक के बाद एक वाहन उसके ऊपर से गुजर गए। थोड़ी देर बाद उसके अवशेष तक सड़क से गायब हो गए। वहीं, लोग बर्ड फ्लू की आशंका से सहम गए हैं।
दरअसल, स्थानीय विकास क्षेत्र के पालपुर स्थित जगदीशपुर अयोध्या रोड पर सुबह सात बजे के करीब एक कबूतर उड़ते-उड़ते बीच सड़क पर गिर गया और बेहोशी की हालत में छटपटाने लगा।
रास्ते से गुजर रहे बूबूपुर निवासी अतुल तिवारी ने बताया की जब तक वो सड़क किनारे बाइक खड़ी कर कबूतर को लेने जाते तब तक रास्ते से गुजर रही एक ओवर लोड मौरंग लदी ट्रक उसे रोंदते हुए आगे बढ़ गई जिससे उसके अवशेष क्षतिग्रस्त हो गये। इसके बाद एक-एक कर गुजरते वाहनों की चपेट में आने से उसके अवशेष सड़क से गायब हो गए। कबूतर की इस तरह से गिरकर हुई मौत से लोग बर्ड फ्लू की आशंका से भयभीत हैं।