लखनऊ। सिंध यूथ क्लब सोसायटी की अक्तूबर माह की बैठक वृंदावन कॉलोनी स्थित एक निजी होटल में हुई। मुख्य अतिथि मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक संदीप भाग्या ने कहा कि बड़ी उपलब्धियां हासिल करने के लिए जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करना जरूरी है।
बैठक में जनवरी 2027 में हेमू कालाणी के बलिदान दिवस पर संत शिरोमणि साईं चांडूराम साहिब को समर्पित बैडमिंटन प्रतियोगिता कराने की घोषणा की गई। संस्था अध्यक्ष दर्पण लखमानी ने बताया कि इसका उद्देश्य युवाओं में खेलभावना, अनुशासन और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ हेमू कालाणी के त्याग और साहस से परिचित कराना है। कार्यक्रम में उप्र ब्रिज कॉर्पोरेशन लिमिटेड के पूर्व प्रबंध निदेशक राकेश सिंह, उप्र सिंधी अकादमी, लखनऊ के पूर्व अध्यक्ष नानकचंद लखमानी समेत संस्था के पदाधिकारी मौजूद रहे।