लखनऊ। अवंतीबाई महिला अस्पताल के डॉक्टरों ने महिला के पेट से चार किलोग्राम का ट्यूमर निकालने में सफलता हासिल की है। यह अत्यंत जटिल ऑपरेशन शुक्रवार को किया गया, जिसके बाद मरीज अब पूरी तरह स्वस्थ है।
अस्पताल की प्रमुख अधीक्षिका डॉ. ज्योति मेहरोत्रा ने बताया कि मरीज किरन (55) को पेट दर्द और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत थी। महिला ने मार्च में अस्पताल की ओपीडी में दिखाया था। जांच के दौरान डॉक्टरों ने पाया कि मरीज के पेट में एक बड़ा ट्यूमर है। सभी जरूरी जांच कराने के बाद ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन में ट्यूमर सहित महिला की बच्चेदानी और दोनों अंडेदानी भी निकालनी पड़ी। डॉ. ज्योति मेहरोत्रा ने बताया कि ट्यूमर करीब 32 हफ्ते के भ्रूण के बराबर था। ऑपरेशन करने वाली टीम में सीएमएस डॉ. रेनू पंत ,डॉ. सौलत रिजवी, डॉ. तरन्नुम और निश्चेतक डॉ. संजय दोहरे समेत अन्य स्टाफ का सहयोग रहा।