लखनऊ। डिफेंस एक्सपो मैदान में 23 से 29 नवंबर तक भारत स्काउट एंड गाइड के राष्ट्रीय सम्मेलन (जंबूरी) के लिए स्वास्थ्य विभाग 100 बेड का अस्थायी अस्पताल बनाएगा। इसके अलावा 150 डॉक्टरों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। अफसरों ने इनकी ड्यूटी तय कर दी है।
आयोजन में देशभर से करीब 30 हजार स्काउट-गाइड, यूनिट लीडरों व 1500 विदेशी प्रतिभागियों के आने की संभावना है। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह ने बताया कि अस्थायी अस्पताल में 50 बेड पुरुषों और बाकी महिलाओं के लिए होंगे। 15 डिस्पेंसरी बनाई जाएंगी, जो दिन में सक्रिय रहेंगी।
अस्पताल के लिए फिजिशियन, सर्जन, आर्थोपैडिक को मिलाकर 50 डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई जा रही है। इसके अलावा करीब 100 नर्स, टेक्नीशियन, वार्ड ब्वॉय, फार्मासिस्ट तीन पालियों में ड्यूटी करेंगे। साथ ही
एंबुलेंस की भी व्यवस्था होगी। आयोजन स्थल के आसपास के अस्पताल, संस्थान में आईसीयू व सामान्य बेड आपात स्थिति में निपटने के लिए रिजर्व रखे जाएंगे।