राजधानी की दिवानी अदालत परिसर पर कई बार आतंकी हमला हो चुका है। यहां तक कि कचहरी को निशाना बनाकर बम विस्फोट किया गया। बावजूद इसके अभी तक कचहरी परिसर की समुचित सुरक्षा व्यवस्था नहीं हो सकी है।
यही नहीं आसपास ट्रैफिक की भी समस्या रहती है। इसके लेकर जिला न्यायाधीश केके शर्मा ने प्रदेश के प्रमुख सचिव गृह को पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने कचहरी परिसर के चारों तरफ हुए अतिक्रमण हो हटाने के साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने निर्देश दिए हैं।
जिला जज ने पत्र में कहा कि प्रदेश की राजधानी होने के कारण लखनऊ आतंकियों के निशाने पर है। साथ ही कहा कि कचहरी परिसर एवं आसपास वर्ष 2007, 2010 व 2012 में बम विस्फोट हो चुके है। परिसर में सुतली बम तक बरामद हुआ है।
सुरक्षा व ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर वरिष्ठ न्यायिक अधिकारी बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों, नगर आयुक्त तथा यातायात विभाग के अधिकारियों के साथ कई बार मीटिंग भी हो चुकी है।
इसमें तय किया गया था कि जाम की समस्या से निपटने के लिए कुछ कदम उठाए जाएंगे। जिला जज ने कहा कि दुख के साथ बताना पड़ रहा है कि इसके बाद बावजूद अभी तक नगर निगम या यातायात विभाग के अधिकारियों ने कोई ध्यान नहीं दिया।
साथ ही उन्होंने कहा कि कचहरी व उसके आसपास की सुरक्षा राज्य सरकार की नजर में प्राथमिकता में नहीं रह गई है। पत्र में आशा व्यक्त की गई है कि इस मामले में अब त्वरित कार्यवाही की जाएगी।