अलीगंज में मकान मालकिन ने रविवार को मारपीट के आरोप में एक शिक्षिका का चालान करा दिया और फिर उसका सामान ट्रक पर लदवा दिया। शिक्षिका की सूचना पर अलीगंज पुलिस ने सामान अंदर कराया।
उधर, शिक्षिका ने कमरे से 2.50 लाख रुपये के जेवरात व 60 हजार की नगदी गायब करने का आरोप लगाते हुए शिकायत करने की बात कही है। एसओ अलीगंज का कहना है कि मामला किराएदारी का है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
जानकीपुरम के एक कांवेंट स्कूल की शिक्षिका प्रणति घोष बेटी व मां के साथ वर्ष 2009 से अलीगंज के सेक्टर-डी 219 मकान में किराएदार हैं। प्रणति का पति से तलाक हो चुका है।
प्रणति की मानें, तो मकान मालकिन अरुणा व उनका बेटा अभय महेश्वरी व उसकी पत्नी सुप्रिया से शनिवार को विवाद हुआ। इस दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हुई।
मकान मालकिन ने महिला थाना हजरतगंज में तहरीर दे एनसीआर दर्ज करा दी। पुलिस ने प्रणति को दबोच लिया और शांतिभंग में चालान कर दिया। उधर, मकान मालकिन ने प्रणति का सारा सामान ट्रक पर लदवा दिया। प्रणति जमानत पर छूटकर घर पहुंची, तो उसे कमरे में ताला लटक मिला।
उसने तत्काल इसकी सूचना अलीगंज पुलिस को दी। एसओ तौफीक अहमद फोर्स के साथ पहुंचे और मकान मालकिन के पेच कसे और सामान अंदर रखवाया। इसके बाद ही चार घंटे से चल रहा ड्रामा खत्म हुआ। एसओ अलीगंज का कहना है कि, मकान मालकिन कब्जे का आरोप लगा रही है।
जबकि, प्रणति ने तहरीर दे जेवरात व नगदी गाब करने का आरोप लगाया है। मामले की जांच की जा रही है।