विधायक और दो डॉक्टर सहित 999 संक्रमित, 18 की मौत
केजीएमयू के दो रेजिडेंट डॉक्टर, विधायक और न्यायिक सेवा के अधिकारी सहित 999 लोगों की कोरोना रिपोर्ट रविवार को पॉजिटिव आई है।
लगातार दो दिन से संक्रमितों का आंकड़ा 1000 के आसपास रहने से अस्पतालों के हालात बेकाबू होने लगे हैं। वहीं, उन्नाव के एक डॉक्टर समेत 18 मरीजों की सांसें थम गईं। इसमें 17 मृतक राजधानी के हैं। अब राजधानी के मृतकों का आंकड़ा 437 पहुंच गया है।
जौनपुर के मड़ियाहूं विधानसभा क्षेत्र की विधायक लीना तिवारी को बुखार और जुकाम था। उन्होंने शनिवार को जांच कराई तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वह शहीद पथ स्थित निजी अस्पताल में भर्ती हैं।
फेसबुक के जरिए उन्होंने संपर्क में आने वालों से जांच कराने की अपील की है। इसी तरह न्यायिक सेवा के एक अधिकारी और उनकी पत्नी भी संक्रमित हो गई है। राजधानी के कई बड़े कारोबारी भी रविवार को संक्रमित हुए हैं।
इन्हें देर शाम तक अस्पताल में भर्ती नहीं कराने की कवायद चलती रही। इसी तरह केजीएमयू के दो रेजिडेंट डॉक्टरों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ डॉक्टर के परिजन की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद डॉक्टर को आइसोलेशन में भेज दिया गया है।
एसजीपीजीआई में छह नर्स संक्रमित
एसजीपीजीआई में नर्सेज की ड्यूटी चार्ट तैयार करने के काम में लगे छह नर्स वायरस की चपेट में आ गए हैं। इन सभी की तैनाती राजधानी कोविड हॉस्पिटल में की गई थी। इन्हें अस्पताल में भर्ती कर लिया गया है।
यहां मिले मरीज
आशियाना में 37, इंदिरा नगर में 53, आलमबाग में 39, ठाकुरगंज में 35, तालकटोरा में 42, हसनगंज में 27, गोमती नगर में 58, हजरतगंज में 27, मड़ियांव में 38, रायबरेली रोड में 39, अलीगंज में 42, जानकीपुरम में 36, महानगर में 29, कैण्ट में 32, चौक में 31, चिनहट में 35, पारा में 23, नाका में 25, सहादतगंज में 27, गोमती नगर विस्तार में 29, विकासनगर में 29, कृष्णानगर में 24 ,मड़ियांव में 29, हजरतगंज में 27, हुसैनगंज में 15 इत्यादि स्थानों पर पॉजिटिव रोगी पाए गए।
दो दिन बाद फिर उछाल मारेगा मरीजों का ग्राफ
राजधानी में दो सितंबर को 10204 लोगों के सैंपल लिए गए थे। इसका असर रहा कि 4 सितंबर को 924, पांच को 1006 और छह को 999 मरीज मिले हैं। शनिवार दोपहर बाद और रविवार शाम तक सर्विलांस एवं कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग के आधार पर टीमों द्वारा 15360 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। ऐसे में दो दिन बाद मरीजों का आंकड़ा 1500 आसपास हो सकता है। स्वास्थ्य विभाग ने तय किया है कि अधिक से अधिक मरीजों का सैंपल लिया जाएगा ताकि वायरस की चैन को नियंत्रित किया जा सके। हालांकि यह प्रयास लगातार किया जा रहा है लेकिन वायरस थमने का नाम नहीं ले रहा है।
फोन से दी गई मरीजों को जानकारी
कोविड-19 कंट्रोल रूम से होम आइसोलेशन के 5365 मरीजों से फोन के जरिए उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली गई। साथ ही कोविड-19 कंट्रोल रूम में हेलो डॉक्टर सेवा में 274 मरीजों द्वारा स्वास्थ्य संबंधी परामर्श लिया गया ।
किसी तरह की समस्या हो तो यहां करें संपर्क
हेलो डॉक्टर सेवा में 0522-3515700 कोविड संबंधित स्वास्थ्य की जानकारी ली जा सकती है। कोविड कमांड कंट्रोल रूम लखनऊ 0522-4523000, 05222610145
दो दिन में हुई 36 मरीजों की मौत
राजधानी में कोविड मरीजों की मौत का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। रविवार को भी 18 लोगों की मौत हो गई। इससे पहले शनिवार को 18 लोगों की मौत हुई थी। सिर्फ सितंबर में छह दिन के अंदर 64 मरीजों की मौत हो चुकी है। प्रतिदिन के हिसाब से यह औसत 10 से अधिक है। जबकि अगस्त में यह औसत आठ का था।
कोरोना से उन्नाव के डॉक्टर की गई जान
कोराना की चपेट में आए डॉ. दुर्गेश गुप्ता की रविवार को मौत हो गई। वह एरा मेडिकल कॉलेज में भर्ती थे। उन्नाव के जैतीपुर स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत डॉ. दुर्गेश गुप्ता को वायरस की चपेट में आने के बाद सप्ताहभर पहले एरा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।