अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय
लखनऊ। अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय ने जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी (जीएनएम) की यूपीजीईटी-2026 प्रवेश परीक्षा का सफल आयोजन किया। प्रदेश के 20 जिलों में बनाए गए 75 केंद्रों पर यह परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से हुई। इसमें पंजीकृत 34 हजार से अधिक अभ्यर्थियों में से 95.54 फीसदी ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों में 92 फीसदी से अधिक महिलाएं थीं। यह चिकित्सा शिक्षा में छात्राओं की बढ़ती रुचि को दर्शाता है। प्रदेश में जीएनएम की लगभग 18500 सीटें हैं।
विश्वविद्यालय के कुलपति अमित देवगन ने बताया कि परीक्षा को निष्पक्ष और व्यवस्थित बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। केंद्रों पर एआई से लैस सीसीटीवी कैमरे लगाए गए और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई। परीक्षा नियंत्रक डॉ. देवाशीष शुक्ला ने बताया कि प्रवेश परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी जिलों के केंद्रों से लगातार समन्वय रखा गया। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन किया गया। जिला प्रशासन, पुलिस और खुफिया विभाग की मदद से परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई। उन्होंने बताया कि जीएनएम प्रवेश परीक्षा का परिणाम अगले हफ्ते तक घोषित कर दिया जाएगा।