लखनऊ। पीजीआई के साउथ सिटी निवासी कारोबारी हेमंत कुमार राय से लाल चंदन के बाग में निवेश के नाम पर चार जालसाजों ने 9.27 करोड़ रुपये की ठगी कर ली। कोर्ट के आदेश पर गोमतीनगर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गोमतीनगर के विवेकखंड में श्रेया इंफ्रा एंड मार्केटिंग प्रा. लि. नाम से हेमंत की कंपनी है। हेमंत के मुताबिक कंपनी में आंध्र प्रदेश के कुरनूल निवासी जे. पुलैय्या, नागीरेड्डी, पी. लक्ष्मी नारायना और पी. महेश्वर का आना-जाना रहता था। दिसंबर 2022 में चारों ने बताया कि आंध्र प्रदेश के प्रकाशम लाल चंदन की बागवानी होती है। उन्हें इसका सरकारी प्रोजेक्ट मिला है। आरोपियों ने प्रोजेक्ट में निवेश के लिए छह करोड़ मांगे। आरोपियों ने निवेश के दस वर्ष बाद 700 करोड़ का मुनाफा देने की बात कही।
लालच में उन्होंने चारों को 14 जून 2023 से लेकर जनवरी 2026 तक कई टुकड़ों में 9.27 करोड़ रुपये दे दिए। हेमंत ने बताया कि निवेश के बाद वह जब आंध्र प्रदेश स्थित जमीन पर पहुंचे तो उन्हें वहां चंदन का एक भी पेड़ नहीं लगा मिला। ठगी की एहसास होने पर उन्होंनेने सरकारी दस्तावेज की जांच कराई तो वह फर्जी निकले।
इतना ही नहीं आरोपियों ने कभी भी बागवानी के लिए जमीन ली ही नहीं। जब उन्होंने चारों से मिलकर विरोध किया तो उनकी पिटाई कर दी गई। आरोपियों ने उन्हें दफ्तर से अगवा कर हत्या करने की धमकी भी दी। इससे डरकर हेमंत ने कोर्ट की शरण ली।
इंस्पेक्टर ब्रजेश चंद्र तिवारी ने बताया कि मामले की तफ्तीश की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।