बस ने बाइक में मारी टक्कर, दो युवकों की मौत
सीतापुर। रामकोट थाना क्षेत्र में रविवार शाम तेज रफ्तार बस ने बाइक में ठोकर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप घायल हो गए। पुलिस ने आनन-फानन में दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया मगर रास्ते में ही दोनों ने दम तोड़ दिया।
दोनों युवक जिला मुख्यालय से अपने घर लौट रहे थे। हादसे के बाद चालक बस समेत मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक सवार हेल्मेट नहीं लगाए थे।
मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र के ग्राम डिगडिगानी निवासी मुजाबिर (28) अपने परिवार के ही कलीम (25) के साथ रविवार को बाइक से जिला मुख्यालय गया था। वहां काम निपटाने के बाद देर शाम दोनों युवक बाइक से वापस घर लौट रहे थे।
रास्ते में सीतापुर-हरदोई मार्ग पर रामकोट थाना क्षेत्र में लुधौरा के पास एक बस ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
मगर रास्ते में ही दोनों ने दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इस हादसे से दोनों युवकों के परिवारो में मातम का माहौल है।