चर्चा में सांसद के बिगड़े बोल
अंबेडकरनगर। ग्राम स्वराज अभियान के तहत शुक्रवार को उज्ज्वला दिवस के मौके पर कटेहरी में आयोजित कार्यक्रम में सांसद हरिओम पांडेय द्वारा दिया गया बयान चर्चा का विषय बन गया है।
सांसद हरिओम पांडेय ने कार्यक्रम में कहा कि, सभी सरकारी अस्पतालों में इंद्रधनुष योजना के तहत गंभीर बीमारी से त्रस्त गरीब मरीजों का इलाज सुनिश्चित किया जाएगा।
यदि किसी भी अस्पताल में इलाज के नाम पर चिकित्सकों या फिर कर्मचारियों ने एक रुपये की भी मांग की तो इसकी जानकारी तत्काल उन्हें दें।
सांसद बोले, मैं संबंधित चिकित्सक व सीएमओ की जान ले लूंगा। सांसद के इस बयान से वहां मौजूद लोग आश्चर्यचकित रह गए। सांसद का ये बयान पूरे दिन जिले में चर्चा का विषय बना रहा।
उधर, सांसद हरिओम पांडेय ने जान लेने से संबंधित बयान से किनारा करते हुए कहा कि, उनके कथन को गलत ढंग से सामने लाया जा रहा है। उनके कहने का तात्पर्य अवैध धन उगाही करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई कराने से है।