जंगली जानवर के हमले से महिला व बालिका जख्मी
सीतापुर। रामकोट थाना क्षेत्र में रविवार को एक महिला व एक बालिका जंगली जानवर के हमले में जख्मी हो गईं। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इन दोनों पर किस जंगली जानवर ने हमला किया? ये स्पष्ट नहीं हो सका है।
रामकोट थाना क्षेत्र के ग्राम धरमपुर निवासी कन्हैयालाल की पत्नी नीलम देवी (45) रविवार दोपहर गांव के ही सर्वेश की पुत्री सरला देवी (12) के साथ गांव के बाहर तालाब पर मिट्टी लेने गई थीं।
बताते हैं कि नीलम व सरला तालाब से मिट्टी को झवई में रख रही थीं। इसी बीच पास के गन्ने के खेत से एक जंगली जानवर निकल आया। इससे पहले कि नीलम व सरिता कुछ समझ पातीं। जानवर ने दोनों पर हमला कर दिया।
दोनों की चीख सुनकर गांव के लोग शोर मचाते हुए घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। भीड़ देखकर जानवर भाग गया। मगर तब तक नीलम व सरिता जख्मी हो चुकी थीं। परिवारीजनों ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
डीएफओ डॉ. अनिरुद्ध पांडेय का कहना है कि, घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम गांव भेजी गई है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि जानवर किस प्रजाति का है।