हादसे में लखनऊ निवासी युवक समेत दो की मौत
अमावां-हरचंदपुर (रायबरेली)। रफ्तार ने गुरुवार को दो की सांसें थाम दीं। मिल एरिया क्षेत्र में बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार पंप चालक को टक्कर मार दी।
इससे चालक की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा घायल हो गया। हरचंदपुर क्षेत्र में टैंकर की टक्कर से टेलर ने जान गंवा दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शिवगढ़ थाना क्षेत्र के रामपुर खास निवासी विनोद कुमार यादव (55) राजभवन लखनऊ में पंप चालक के पद पर तैनात था। सुबह वह बाइक से अपने पुत्र ईशू (22) के साथ मिल एरिया क्षेत्र के सिद्धा का पुरवा जा रहा था।
तभी सुल्तानपुर रोड पर शारदा नहर पुल के पास ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर से ईशू तो छिटक कर दूर जा गिरा और ट्रक विनोद को रौंदता हुआ निकल गया।
हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि ईशू गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी।
हरचंदपुर थाना क्षेत्र के हिडइन निवासी चंद्रिका प्रसाद (45) कपड़ा सिलाई करता था। गुरुवार दोपहर वह साइकिल से छत्ता का पुरवा जा रहा था।
तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। इस दौरान उसकी साइकिल टैंकर के पहिए में फंस गई और वह दूर तक सड़क पर घिसटता चला गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। एसओ बृजमोहन सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट लिखकर कार्रवाई होगी।