राजीचौराहा/फखरपुर। घाघरा के कछार में स्थित खेत में लगी मसूर की फसल की कटाई को लेकर बुधवार रात दो पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी के दौरान जमकर मारपीट व फायरिंग हुई। इससे तीन युवक लहूलुहान हो गए। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
बौंडी थाना अंतर्गत भौंरी गांव निवासी महेश कुमार ने गांव के ही जगराम, विजय कुमार, देव प्रताप व शरीफ के साथ मिलकर कछार के खेतों में मसूर की फसल बोई थी। बुधवार रात जगराम, विजय कुमार, देव प्रताप व शरीफ मसूर की फसल की कटाई कर रहे थे।
इस पर महेश कुमार अपने बेटे शिवम व भाई सुनील के साथ मौके पर पहुंच गए और हिस्सेदारी मांगने लगे। इस पर हुई कहासुनी में जगराम, विजय, देव प्रताप व शरीफ ने मारपीट के साथ फायरिंग शुरू कर दी। छर्रे लगने से महेश, शिवम व सुनील घायल हो गए।
चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े। इस पर आरोपी भाग गए। सूचना पर बौंडी थानाध्यक्ष आरपी सोनकर भी टीम के साथ मौके पर गए। एसओ ने बताया कि सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया गया है। महेश की तहरीर पर जबरन मसूर काट रहे चारों ग्रामीणों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।