जयसिंहपुर (सुल्तानपुर)। बीएसएनएल की ओएफसी केबल कटने से क्षेत्र की प्रमुख बैंक शाखाओं का कामकाज शुक्रवार को प्रभावित रहा। दिन भर सर्वर फेल होने से लेन-देन नहीं हो सका। ओएफसी केबल देर शाम तक नहीं जोड़ी जा सकी थी।
शुक्रवार को तहसील क्षेत्र की प्रमुख बैंक शाखाओं में खाताधारक धन की जमा-निकासी करने पहुंचे तो पता चला कि सर्वर फेल हो गया है। सर्वर फेल होने की वजह से बैंक कर्मियों ने भी अपने हाथ खड़े कर दिए।
बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार की देर शाम गोमती नदी के पास बीएसएनएल की ओएफसी केबल कट जाने से क्षेत्र की दूरसंचार सेवा प्रभावित हो गई। क्षेत्र के यूनियन बैंक ऑफ बड़ौदा, स्टेट बैंक, केनरा बैंक समेत अन्य शाखाओं में कामकाज दिन भर ठप रहा।
बैंक अधिकारियों की मानें तो शुक्रवार को सर्वर फेल होने से करीब दो करोड़ रुपये का लेन-देन प्रभावित रहा। स्थानीय बैंक अधिकारियों ने बताया कि बीएसएनएल में केबल कटने की शिकायत दर्ज करा दी गई है।