लखनऊ। रिंगरोड, आदिलनगर स्थित एडीएलडी टोयोटा शोरूम के कंपनी प्रबंधन ने अपने कैशियर संदीप पाल और अकाउंट मैनेजर करुणेश शुक्ला पर 8,77,486 रुपये की हेराफेरी का आरोप लगाया है। मामले में विकासनगर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कंपनी के वित्तीय नियंत्रक एवं अधिकृत हस्ताक्षरी तरुण केशवानी का आरोप है कि दोनों कर्मचारियों ने ग्राहकों से मिले नकद भुगतानों की प्रविष्टियों में हेराफेरी करते हुए एक ग्राहक की रकम दूसरे ग्राहक के नाम दर्ज की और रिकॉर्ड में वास्तविक राशि घटाकर बची रकम को निजी उपयोग में लिया। इस अनियमितता का खुलासा 8 अप्रैल 2024 को कंपनी के सीईओ बाला सुब्रमण्यम द्वारा की गई आंतरिक जांच के दौरान हुआ। जांच में यह पुष्टि हुई कि दोनों आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से कंपनी की नकदी में 8.77 लाख से अधिक की रकम का गबन किया है। थानाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।