बलरामपुर। आयुष्मान भारत केंद्र सरकार की बहुत ही महत्वाकांक्षी योजना है। इस योजना के तहत गरीब परिवारों को पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा किया जाएगा। लाभार्थी बीमार होने पर कहीं भी पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज करा सकेगा।
यह बातें श्रावस्ती सांसद दद्दन मिश्र ने सोमवार को सदर विकास खंड के सोनार गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में आयुष्मान भारत दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने बताया कि इस योजना का शुभारंभ करके प्रधानमंत्री ने गरीब परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा की गारंटी प्रदान की है। आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीब, बेसहारा, दिव्यांग, भूमिहीन, मजदूर, अनुसूचित जाति, जनजाति व दुर्बल आय वर्ग के लोगों का चयन किया गया है। उन्होंने लोगों को इस योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित करते हुए सरकार की उपलब्धियां भी बताई। डॉ. कमाल अशरफ ने बताया कि इस योजना के तहत गांव के 118 लोगों को स्वास्थ्य बीमा का लाभ मिलेगा। इस अवसर पर ग्राम प्रधान धनपतलाल व सांसद प्रतिनिधि पंकज मिश्रा सहित तमाम डॉक्टर व ग्रामीण मौजूद रहे।