फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उज्ज्वला दिवस पर तीन हजार महिलाओं को बांटे गैस कनेक्शन

विज्ञापन
विज्ञापन
उज्ज्वला दिवस पर तीन हजार महिलाओं को बांटे गैस कनेक्शन
विज्ञापन


अंबेडकरनगर। ग्राम स्वराज अभियान के तहत शुक्रवार को जिले में प्रशासनिक अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में 30 जगह उज्ज्वला दिवस का आयोजन हुआ। इसमें तीन हजार पात्रों को निशुल्क रसोई गैस कनेक्शन दिया गया।

सांसद हरिओम पांडेय ने अकबरपुर ब्लॉक के केशवपुर गांव में आयोजित शिविर में पात्रों को निशुल्क गैस कनेक्शन देते हुए अभियान का शुभारंभ किया।

कहा कि, महिलाओं को चूल्हे पर खाना नहीं बनाना पड़े, इसके लिए केंद्र सरकार ने इस महत्वपूर्ण योजना की शुरुआत की है। सरकार की मंशा घर-घर तक रसोई गैस कनेक्शन पहुंचाना है। उन्होंने पात्रों से आह्वान किया कि, वे इस योजना का बढ़-चढ़कर लाभ उठाएं।
विज्ञापन


गौरतलब है कि ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर रसोई गैस कनेक्शन हो, इसके लिए केंद्र सरकार ने उज्ज्वला योजना की शुरुआत की है।

ग्राम स्वराज अभियान के तहत उज्ज्वला योजना का अधिकाधिक लाभ पात्रों को मिल सके, इसके लिए 20 अप्रैल को उज्ज्वला दिवस मनाने का निर्णय लिया गया था।

इस दिन जिले की 30 ग्राम पंचायतों में चौपाल लगाकर प्रत्येक ग्राम पंचायतों के 100-100 पात्रों को निशुल्क गैस कनेक्शन देने का लक्ष्य दिया गया।

इसके तहत शुक्रवार को अभियान का शुभारंभ अकबरपुर विकासखंड की केशवपुर ग्राम पंचायत में आयोजित चौपाल में सांसद हरिओम पांडेय ने पात्रों को गैस कनेक्शन देते हुए किया।

सांसद ने कहा कि, आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं का गैस चूल्हे पर खाना बनाने का सपना पूरा करने का जो बीड़ा केंद्र सरकार ने उठाया है, वह तब तक चलता रहेगा, जब तक कि प्रत्येक घर में रसोई गैस कनेक्शन न हो जाए।

सांसद ने पात्रों से आह्वान किया कि वे इस योजना का बढ़-चढ़कर लाभ उठाएं। जिलाधिकारी सुरेश कुमार ने कहा कि, योजना का लाभ मिलने में यदि किसी प्रकार की समस्या हो, तो वे इसकी जानकारी सीधे उन्हें दें।

उनकी समस्या का निस्तारण तत्काल किया जाएगा। संयोजक नीतू तिवारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि, वे योजना का अधिकाधिक लाभ पात्रों को प्रदान करें।

खासतौर पर गैस एजेंसियों की मनमानी रोकने पर ध्यान दें। इस दौरान जिला आपूर्ति अधिकारी निलेश उत्पल, सुरेश कुमार सरोज आदि मौजूद रहे।

औरंगनगर ग्राम पंचायत में तिलक भारत गैस एजेंसी के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा नेता रमाशंकर सिंह ने कहा कि, एक समय था कि लोगों को लाइन में लगकर कनेक्शन लेना पड़ता था, लेकिन केंद्र सरकार की इस योजना से आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के घर तक भी गैस कनेक्शन पहुंचाया जाएगा।

भदया भारत गैस एजेंसी द्वारा भदया ग्राम पंचायत में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अमरजीत मौर्य ने कहा कि, केंद्र सरकार की इस योजना से उन महिलाओं का सपना पूरा होगा, जो रसोई गैस चूल्हे पर खाना बनाने का सपना संजोए हुई थीं।

पियारेपुर में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष शिवनायक वर्मा, अकबरपुर नपा अध्यक्ष सरिता गुप्ता, भाजपा नेत्री नीतू तिवारी, संगम पांडेय, रवि चौहान आदि की अगुवाई में आयोजन कर पात्रों को योजना से लाभान्वित किया गया।

अकबरपुर नगर पालिका परिषद के पूर्व अध्यक्ष चंद्रप्रकाश वर्मा ने लोरपुर में योजना के तहत पात्रों को रसोई गैस कनेक्शन का वितरण किया, तो वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता अवधेश द्विवेदी, एसडीएम हरीराम, कुलदीप सिंह, संजय सिंह आदि की मौजूदगी में 80 पात्रों को योजना के तहत कनेक्शन प्रदान किया गया।

टांडा प्रतिनिधि के मुताबिक विधायक संजू देवी ने आसोपुर में आयोजित कैंप में पात्रों को गैस कनेक्शन दिया। उन्होंने कहा कि, केंद्र व प्रदेश सरकार लोगों की बुनियादी जरूरतों पर ध्यान दे रही है।

विद्युतनगर प्रतिनिधि के मुताबिक, रसूलपुर हरिजन गांव में कार्यक्रम निर्धारित होने के बावजूद कैंप नहीं लगने पर सांसद हरिओम पांडेय ने नाराजगी जताई। उन्होंने दूरभाष पर कहा कि, इस मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन


आलापुर प्रतिनिधि के अनुसार रामनगर महुवर में मुख्य अतिथि विधायक अनीता कमल ने कनेक्शन का वितरण करते हुए कहा कि, महिलाओं की बेहतरी के लिए केंद्र व प्रदेश सरकारें लगातार काम कर रही हैं। इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि अवधेश कमल, राजेश्वर पाठक आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें