सत्ता में रहते कांग्रेस को नहीं आई बाबा साहेब की याद : स्मृति
सलोन (रायबरेली)। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने शनिवार को दलितों के मुद्दे पर अमेठी सांसद राहुल गांधी का बिना नाम लिए तीखा हमला बोला।
उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य है कि जो लोग आज बाबा साहेब के नाम पर राजनीतिक रोटियां सेंक रहे हैं, वे जनता जनार्दन को जवाब नहीं दे पाएंगे कि जब कांग्रेस की सत्ता में थी तो बाबा साहेब को भारत रत्न दिलाने की याद उन्हें आखिर क्यों नहीं आई।
जब केंद्र में वीपी सिंह की सरकार आई, तो पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी व लालकृष्ण आडवाणी ने सरकार से बाबा साहेब को भारत रत्न दिलाने की चर्चा शुरू की थी। वह शनिवार को सलोन पीएचसी में डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती पर लगे चिकित्सा शिविर के शुभारंभ मौके पर बोल रही थीं।
उन्होंने कहा कि जब केंद्र में मोदी सरकार आई तो पहली बार गणतंत्र दिवस की परेड में बाबा साहेब के संघर्ष गाथा को दिखाया गया।
संसद भवन में बाबा साहेब की तस्वीर लगाने का काम भाजपा ने किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा से ही दलितों की बेहतरी के लिए कदम उठाया है।
आज कुछ लोग दलितों के नाम पर राजनीतिक रोटियां सेंक रहे हैं। बताया कि भाऊराव देवरस सेवा न्यास एवं चिकित्सा एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से शिविर लगाकर सरकार गरीबों को सस्ता व बेहतर इलाज घर के पास ही मुहैया करा रही है।
किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के योग्य चिकित्सक ऐसे शिविर के माध्यम से लोगों को अपनी सेवाएं देते रहे, इसलिए केजीेएमयू व भाऊराव देवरस न्यास के बीच लिखित करार हुआ है।
उन्होंने कहा कि अमेठी में अब तक 11 हजार लोगों का मुफ्त में इलाज किया गया है। बताया कि अमेठी के धम्मौर में जल्द ही नौ करोड़ रुपये की लागत से दीनदयाल स्वास्थ्य केंद्र बनने जा रहा है।
इससे बड़ी आबादी को फायदा मिलेगा। इस मौके पर सूबे के राज्यमंत्री सुरेश पासी, क्षेत्रीय विधायक दल बहादुर कोरी, डीएम संजय कुमार खत्री, एसपी शिवहरि मीणा, सीएमओ डॉ.डीके सिंह, सीडीओ राकेश कुमार मौजूद रहे।