फैजाबाद। अग्नि सेवा स्मृति दिवस पर शनिवार को पुलिस लाइन में स्थित फायर स्टेशन पर श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। इसमें एसएसपी सुभाष सिंह बघेल ने 14 अप्रैल 1944 को मुंबई बंदरगाह पर हुए भीषण अग्निकांड में शहीद हुए 66 अग्निशमनकर्मियों को श्रद्धांजलि दी। अपने संबोधन में उन्होंने अग्निशमन कर्मियों को अपने कर्तव्यों व उत्तरदायित्व निभाने के लिए हमेशा सतर्क रहने को कहा। जिला अग्निशमन अधिकारी आरके राय ने बताया कि इस दौरान अधिकारियों ने स्मृति चिह्न पर पुष्प गुच्छ चढ़ाकर शहीदों को नमन किया व अधिकारियों द्वारा पिन फ्लैग भी लगाया गया। इस मौके पर सहायक रेडियो अधिकारी एमएल शुक्ला, सीओ वीरेंद्र विक्रम, आरआई हरेंद्र सिंह यादव, प्रभारी फायर स्टेशन राजमंगल सिंह समेत अन्य कर्मी मौजूद रहे।