बाराबंकी। जिले में चल रहा अवैध खनन का कारोबार अफसरों के सख्ती के बाद भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। अवैध खनन कर बालू लेकर आ रही एक ट्रक व पांच ट्रैक्टर ट्रालियों समेत चार चालकों को एसडीएम सिरौलीगौसपुर ने पकड़ कर बदोसराय पुलिस के सुपुर्द किया है। वहीं कोठी थाना क्षेत्र में जेसीबी मशीन व डंफर से किए जा रहे अवैध मिट्टी खनन को सदर तहसील के नायब तहसीलदार ने पकड़ कर पुलिस को सौंपा। खनन माफिया व चालक मौके से फरार हो गए।
सिरौलीगौसपुर प्रतिनिधि के अनुसार रविवार भोर किंतुर गांव के पास घाघरा नदी में बालू खनन होने की सूचना एसडीएम अजय द्विवेदी को मिली। एसडीएम सुबह 5 बजे किंतुर गांव के पास जाकर एक गलियारे में रुक गए। इस दौरान एक के बाद एक अवैध खनन कर बालू लेकर लौट रही पांच ट्रैक्टर-ट्राली व एक ट्रक को पकड़ा। मौके पर किंतूर निवासी चालक पिंटू, अलीनगर निवासी शिवकुमार, देवा के कैमई निवासी चालक सुरेंद्र गौतम व गोंडा जिले के कसमंडीगढ़ी निवासी चालक रजित को पकड़ लिया। जबकि एक चालक ट्रैक्ट्रर ट्राली यूपी 41 पी 4194 को बालू समेत छोड़कर फरार हो गया। एसडीएम ने पकड़े गए चार चालकों को वाहन समेत बदोसराय पुलिस के सुपुर्द कर दिया। दो चालक मौके से फरार हो गए। इस संबंध में उप जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि 5 ट्रैक्टर व एक ट्रक को अवैध खनन में लिप्त होने की वजह से उन्हें सीज किया गया है।
वहीं सिद्वौर प्रतिनिधि के अनुसार कोठी थाना क्षेत्र के गडरियन पुरवा मजरे इब्राहीमाबाद में जेसीबी मशीन से 21/22 जनवरी की रात्रि में मिट्टी के अवैध खनन की सूचना एसडीएम सदर को मिली। नायब तहसीलदार मनीष त्रिपाठी मौके पर पहुंचे तो खनन कर रहे लोग मौके से फरार हो गए। मौके पर एक जेसीबी मशीन व दो डंफर को नायब तहसीलदार ने कोठी पुलिस के सुपुर्द किया।
खनन अधिकारी लालता प्रसाद का कहना है कि, जिले में 20 दिसंबर से बालू खनन के पट्टे की अवधि के समाप्त हो गई थी। ऐसे में खनन माफिया रिस्क लेकर खनन कर रहे हैं। माफिया पर शिकंजा कसना आसान नहीं दिख रहा है। पकड़े जाने पर कार्रवाई के सिवाय और क्या किया जा सकता है।